टिहरी में साइबर सुरक्षा की पाठशाला: सैकड़ों विद्यार्थियों ने ली जागरूकता की शपथ

टिहरी गढ़वाल, साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने और विद्यार्थियों को वित्तीय रूप से जागरूक बनाने के उद्देश्य से बजाज फाइनेंस लिमिटेड एवं उत्तराखंड पुलिस की ओर से टिहरी जनपद के लंबगांव और प्रतापनगर में विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। ‘अर्थसूत्र संवाद’ के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा, ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव, बचत की आदत और जिम्मेदारी से ऋण लेने के बारे में महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।
अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज लंबगांव और राजकीय बालिका इंटर कॉलेज प्रतापनगर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सैकड़ों विद्यार्थियों ने जागरूकता की शपथ ली। विद्यार्थियों ने यह संकल्प लिया कि वे महंगे मोबाइल फोन और इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स खरीदने के लिए माता-पिता पर अनावश्यक दबाव नहीं डालेंगे और सोच-समझकर खर्च करने के साथ बचत को प्राथमिकता देंगे।
 आधार नंबर, ओटीपी और बैंकिंग जानकारी साझा करने से बचें
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को आगाह किया कि साइबर अपराधी लगातार ठगी के नए तरीके अपना रहे हैं। ऐसे में व्यक्तिगत और बैंकिंग जानकारी की सुरक्षा बेहद जरूरी है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ आधार नंबर, ओटीपी, एटीएम पिन या बैंक खाते से जुड़ी गोपनीय जानकारी साझा न करें।

ये भी पढ़ें:  स्याबा गांव की सड़क को मिली स्वीकृति गांव में खुशी का माहौल


इसके साथ ही फेसबुक, इंस्टाग्राम और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अनजान लोगों की फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार करने तथा संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचने की सलाह दी गई। विद्यार्थियों को बताया गया कि थोड़ी-सी सतर्कता उन्हें साइबर ठगी का शिकार होने से बचा सकती है।
 साइबर ठगी होते ही 1930 पर करें शिकायत
लंबगांव थाना प्रभारी महिपाल सिंह रावत, एएसआई आनंद सिंह रावत तथा हेड कांस्टेबल अनिल भट्ट और नीरज चौहान ने विद्यार्थियों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक किया।
थाना प्रभारी महिपाल सिंह रावत ने बताया कि ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी होने पर शुरुआती समय बेहद महत्वपूर्ण होता है। उन्होंने विद्यार्थियों को सलाह दी कि ठगी का पता चलते ही राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर 1930 पर तुरंत शिकायत दर्ज कराएं और साइबर अपराध की आधिकारिक वेबसाइट पर भी शिकायत करें। त्वरित सूचना मिलने से ठगी की रकम को रोकने या ट्रैक करने की संभावना बढ़ सकती है।
 जरूरत के अनुसार खर्च और बचत करने की सीख
अभियान के दौरान विद्यार्थियों को वित्तीय अनुशासन का महत्व भी समझाया गया। उन्हें बताया गया कि दोस्तों की देखा-देखी महंगे मोबाइल फोन और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ईएमआई पर खरीदने का दबाव परिवार की आर्थिक स्थिति पर अतिरिक्त बोझ डाल सकता है।
विद्यार्थियों को अपनी जरूरतों के अनुसार खरीदारी करने, अनावश्यक खर्च से बचने और नियमित बचत की आदत विकसित करने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही सिबिल (CIBIL) स्कोर, समय पर ऋण भुगतान और जिम्मेदारी से कर्ज लेने की जानकारी भी दी गई। अधिकारियों ने समझाया कि अच्छा वित्तीय व्यवहार भविष्य में ऋण प्राप्त करने की पात्रता को प्रभावित करता है।
 वित्तीय जागरूकता की दिशा में पहल
बजाज फाइनेंस के प्रवक्ता ने बताया कि ‘अर्थसूत्र संवाद’ का उद्देश्य लोगों को वित्तीय रूप से जागरूक, आत्मविश्वासी और सुरक्षित बनाना है। इसके तहत सही वित्तीय योजना, जिम्मेदारी से उधार लेने और व्यक्तिगत जानकारी की सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जागरूकता बढ़ाई जा रही है।
कार्यक्रम में अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज लंबगांव के प्रधानाचार्य धनराज सिंह कोहली और राजकीय बालिका इंटर कॉलेज प्रतापनगर की प्रधानाचार्या यशोदा चौधरी भी उपस्थित रहीं।
अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों को स्पष्ट संदेश दिया गया कि साइबर सुरक्षा में सतर्कता, आर्थिक मजबूती के लिए बचत और ठगी होने पर तत्काल शिकायत—ये तीनों सुरक्षित भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *