उत्तरकाशी जिला चिकित्सालय में विशेषज्ञ सेवाओं को मिली बड़ी मजबूती

उत्तरकाशी। सीमांत जनपद उत्तरकाशी के मरीजों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में राहत की बड़ी खबर है। जिला चिकित्सालय उत्तरकाशी में विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं को और मजबूत किया गया है। बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. अंजली सिसोदिया ने जिला चिकित्सालय में अपना कार्यभार ग्रहण कर लिया है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. श्याम विजय के लगातार प्रयासों, महानिदेशालय स्तर पर पत्राचार और समन्वय के परिणामस्वरूप जनपद को विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं उपलब्ध हुई हैं।
05 अक्टूबर से रोस्टरवार मिलेंगी विशेषज्ञ सेवाएं
सीएमओ डॉ. श्याम विजय ने बताया कि महानिदेशालय स्तर से एक सर्जन और एक बाल रोग विशेषज्ञ की सेवाएं रोस्टरवार उपलब्ध कराई गई हैं। दोनों विशेषज्ञ चिकित्सक सोमवार 05 अक्टूबर से जिला चिकित्सालय उत्तरकाशी में अपनी सेवाएं देंगे।
इससे जिला चिकित्सालय में आने वाले मरीजों, विशेषकर बच्चों और सर्जरी से संबंधित मरीजों को विशेषज्ञ परामर्श एवं उपचार की सुविधा स्थानीय स्तर पर मिल सकेगी।
मरीजों को बाहर जाने की जरूरत होगी कम
विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता से सीमांत जनपद के मरीजों को विशेषज्ञ परामर्श और उपचार के लिए देहरादून अथवा अन्य बड़े शहरों का रुख करने की आवश्यकता कम होगी। जिला चिकित्सालय स्तर पर ही आवश्यक विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं मिलने से मरीजों और उनके परिजनों को समय और आर्थिक खर्च दोनों में राहत मिलने की उम्मीद है।
सीएमओ ने बताया कि वर्तमान में जिला चिकित्सालय उत्तरकाशी में स्वीकृत पदों के सापेक्ष विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। इससे अस्पताल की चिकित्सा व्यवस्था को और मजबूती मिलेगी तथा मरीजों को उनकी जरूरत के अनुसार समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराया जा सकेगा।
स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करना प्राथमिकता
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. श्याम विजय ने कहा कि सीमांत जनपद के प्रत्येक नागरिक को बेहतर, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिकता है। विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए महानिदेशालय एवं राज्य स्तर पर लगातार समन्वय जारी है।

ये भी पढ़ें:  ज्ञानसू भाजपा कार्यालय में कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी का भव्य स्वागत संगठनात्मक विषयों और क्षेत्रीय विकास योजनाओं पर हुई विस्तृत चर्चा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *