उत्तरकाशी, खेल महाकुम्भ मुख्यमंत्री चैम्पियनशिप ट्रॉफी-2026 के तहत मनेरा खेल मैदान में आयोजित सांसद चैम्पियनशिप ट्रॉफी का शनिवार को उत्साहपूर्ण माहौल में समापन हुआ। प्रतियोगिता के अंतिम दिन अंडर-14 एवं अंडर-19 आयुवर्ग के बालक-बालिकाओं ने वॉलीबॉल, पिट्टू, कबड्डी और खो-खो में अपनी खेल प्रतिभा और दमखम का शानदार प्रदर्शन किया।

अंतिम दिन आयोजित प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। अंडर-14 बालिका वॉलीबॉल में घनसाली विधानसभा की टीम प्रथम, धनोल्टी द्वितीय तथा पुरोला विधानसभा की टीम तृतीय स्थान पर रही। वहीं अंडर-14 बालक वॉलीबॉल में प्रतापनगर विधानसभा ने प्रथम, टिहरी विधानसभा ने द्वितीय तथा धनोल्टी विधानसभा ने तृतीय स्थान हासिल किया।

अंडर-14 बालिका पिट्टू प्रतियोगिता में यमुनोत्री विधानसभा की टीम ने प्रथम स्थान, घनसाली ने द्वितीय तथा गंगोत्री विधानसभा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इसी तरह बालिका कबड्डी में धनोल्टी विधानसभा प्रथम, घनसाली द्वितीय और यमुनोत्री विधानसभा तृतीय रही।
अंडर-14 बालक खो-खो प्रतियोगिता में टिहरी विधानसभा ने बाजी मारी, जबकि प्रतापनगर विधानसभा दूसरे और गंगोत्री विधानसभा तीसरे स्थान पर रही। वहीं अंडर-19 बालिका खो-खो में प्रतापनगर विधानसभा प्रथम, टिहरी विधानसभा द्वितीय तथा घनसाली विधानसभा तृतीय स्थान पर रही।

जिलाधिकारी ने खिलाड़ियों का बढ़ाया हौसला
समापन समारोह में जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने विजेता एवं प्रतिभागी खिलाड़ियों को मेडल और प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने खिलाड़ियों के पिछले पांच दिनों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि मैदान पर खिलाड़ियों ने जिस ऊर्जा, उत्साह और खेल भावना का परिचय दिया, वह प्रशंसनीय है।

जिलाधिकारी ने कहा कि खेल महाकुम्भ युवाओं को अपनी प्रतिभा और हुनर प्रदर्शित करने का बेहतर मंच प्रदान कर रहा है। खेल में जीत और हार दोनों से सीख मिलती है। जो खिलाड़ी इस बार पदक हासिल नहीं कर सके, मैदान पर उनकी मेहनत और अनुभव भविष्य की सफलता की मजबूत नींव बनेगा।

प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली विधानसभा को ₹2 लाख का पुरस्कार
सांसद चैम्पियनशिप ट्रॉफी में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली गंगोत्री विधानसभा को ₹2 लाख की नकद पुरस्कार राशि प्रदान की गई। पुरस्कार से खिलाड़ियों और खेल प्रतिभाओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
जिला युवा कल्याण अधिकारी विजय प्रताप ने बताया कि खेल महाकुम्भ का आयोजन न्याय पंचायत स्तर से 6 से 10 सितम्बर, विधानसभा स्तर पर 12 से 22 सितम्बर तथा सांसद स्तर पर 28 सितम्बर से 3 अक्टूबर तक किया गया।
उन्होंने बताया कि खेल महाकुम्भ के लिए कुल 26,543 बालक-बालिकाओं ने पंजीकरण कराया, जबकि न्याय पंचायत स्तर से सांसद स्तर तक आयोजित प्रतियोगिताओं में 24,767 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। सांसद चैम्पियनशिप प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली विधानसभा को ₹2 लाख की नकद पुरस्कार राशि दी गई।
समापन अवसर पर अपर जिलाधिकारी मुक्ता मिश्र, जिला खेल अधिकारी आशीष कुमार, प्रभारी जिला क्रीड़ा अधिकारी निधि बिंजोला, क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी संदीप राणा सहित खेल विभाग एवं युवा कल्याण विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, निर्णायक एवं अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

