उत्तरकाशी,
जनपद भ्रमण के दूसरे दिन मुख्य सचिव उत्तराखंड शासन आनंद बर्द्धन शनिवार को विश्व प्रसिद्ध गंगोत्री धाम पहुंचे। उन्होंने मां गंगा के पावन तट पर स्थित श्री गंगोत्री मंदिर, भगवान काशी विश्वनाथ एवं शक्ति मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।

पूजा-अर्चना के उपरांत मुख्य सचिव ने गंगोत्री मंदिर समिति के पदाधिकारियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक कर धाम में संचालित व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने चारधाम यात्रा पर पहुंच रहे श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पेयजल, स्वच्छता, स्वास्थ्य सेवाओं, यातायात एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की स्थिति की समीक्षा की।
मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने यात्रा मार्ग पर यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने तथा स्वास्थ्य सेवाओं को प्रभावी एवं सुलभ बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।
घाटों की स्वच्छता और श्रद्धालुओं की सुविधा पर विशेष जोर

गंगोत्री धाम में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए मुख्य सचिव ने अधिकारियों को व्यवस्थाओं पर निरंतर निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मंदिर परिसर और घाटों पर नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाए।
उन्होंने घाटों एवं मंदिर परिसर के आसपास स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने, नियमित सफाई कराने तथा दर्शन एवं स्नान के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मुख्य सचिव ने संबंधित अधिकारियों से कहा कि चारधाम यात्रा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो और श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम एवं व्यवस्थित यात्रा का अनुभव मिले, इसके लिए विभागीय स्तर पर लगातार समन्वय एवं निगरानी रखी जाए।
इस अवसर पर गंगोत्री मंदिर समिति के सचिव सुरेश सेमवाल, जिलाधिकारी प्रशांत आर्य, पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय, अपर जिलाधिकारी मुक्ता मिश्र सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं मंदिर समिति के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

