उत्तरकाशी। मौसम विभाग की ओर से जारी रेड अलर्ट के दृष्टिगत जिला प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाते हुए श्री गंगोत्री धाम एवं श्री यमुनोत्री धाम की यात्रा को अस्थायी रूप से रोकने के निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी के निर्देशानुसार हीना एवं दोबाटा होल्डिंग पॉइंट्स पर यात्रा को फिलहाल रोका गया है।
जिला प्रशासन ने जनपद आपातकालीन परिचालन केंद्र एवं स्मार्ट कंट्रोल रूम को अलर्ट मोड पर रखा है।
जिले की सभी तहसीलों से वर्षा एवं भूस्खलन से संबंधित सूचनाएं लगातार प्राप्त की जा रही हैं और मौसम व सड़क मार्गों की स्थिति पर सतत निगरानी रखी जा रही है।
इसके साथ ही गंगोत्री एवं यमुनोत्री धाम की लाइव CCTV कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
NH, BRO, PWD और PMGSY की मशीनरी अलर्ट
प्रशासन ने NH, BRO, PWD एवं PMGSY के अधिकारियों को अपनी-अपनी मशीनरी और मैनपावर तैयार रखने के निर्देश दिए हैं। मार्ग अवरुद्ध होने की स्थिति में संबंधित विभागों को त्वरित कार्रवाई करते हुए मार्ग खोलने के निर्देश दिए गए हैं।
वहीं, जिले की सभी तहसीलों को अलर्ट मोड पर रखते हुए किसी भी आपात स्थिति की सूचना तत्काल उपलब्ध कराने और संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है।
प्रशासन की ओर से यात्रियों और आमजन से मौसम की स्थिति को देखते हुए प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।

