कुल्हाड़ी से हत्या कर फरार आरोपी मोरी से गिरफ्तार

उत्तरकाशी। मोरी क्षेत्र के ग्राम बरी में कुल्हाड़ी से हमला कर 38 वर्षीय करमचंद की हत्या के मामले में फरार चल रहे आरोपी को मोरी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को शुक्रवार, 11 सितंबर 2026 को कस्बा मोरी से गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, बीते 7 सितंबर को ग्राम बरी में करमचंद पुत्र ढ़टीराम पर कुल्हाड़ी से हमला किया गया था, जिसमें उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था।
घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष मोरी दीपक रावत के नेतृत्व में पुलिस, फील्ड यूनिट और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए गए तथा शव का पंचायतनामा एवं पोस्टमार्टम कराया गया।
मृतक की पत्नी की तहरीर पर 8 सितंबर को थाना मोरी में धारा 103(1) बीएनएस के तहत हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी कमलेश उपाध्याय ने फरार आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद थानाध्यक्ष मोरी के नेतृत्व में पुलिस और एसओजी की अलग-अलग टीमें गठित कर आरोपी की तलाश शुरू की गई।
पुलिस टीमों ने आरोपी के घर, रिश्तेदारों और संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी। तकनीकी निगरानी और फील्ड स्तर पर किए गए प्रयासों के बाद पुलिस ने सुमन चन्द्र देव (20 वर्ष) पुत्र जयचन्द, निवासी दांताधार तोक, ग्राम बरी, मोरी, उत्तरकाशी को कस्बा मोरी से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है और मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है।

ये भी पढ़ें:  पर्यावरण संरक्षण और ईंधन बचत को लेकर जिलाधिकारी प्रशांत आर्य की अनूठी पहल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *