शिक्षक दिवस पर गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान ने किया शिक्षकों का सम्मान

उत्तरकाशी। शिक्षक दिवस के अवसर पर गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान की ओर से जिला कलेक्ट्रेट स्थित ऑडिटोरियम हॉल में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनपदभर से पहुंचे शिक्षकों को सम्मानित किया गया। विधायक की इस पहल की शिक्षकों ने जमकर सराहना की और इसे शिक्षक समुदाय के सम्मान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।


कार्यक्रम में उपस्थित शिक्षकों ने कहा कि उत्तरकाशी जनपद में यह पहला अवसर है, जब किसी जनप्रतिनिधि की ओर से जिले के शिक्षकों को इस तरह व्यापक स्तर पर सम्मानित किया गया है। शिक्षकों ने कहा कि इससे पहले किसी जनप्रतिनिधि द्वारा शिक्षक समुदाय के लिए इस प्रकार का सम्मान समारोह आयोजित नहीं किया गया।
शिक्षकों ने विधायक सुरेश चौहान का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उत्तराखंड की 70 विधानसभा क्षेत्रों में शिक्षक सम्मान की इस पहल की शुरुआत गंगोत्री विधानसभा से होना गौरव की बात है। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी शिक्षकों के सम्मान और उनकी समस्याओं को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जाएगा।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश चौहान ने सभी शिक्षकों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विधायक सुरेश चौहान की पहल की सराहना करते हुए कहा कि समाज के निर्माण में शिक्षकों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है और शिक्षक सम्मान की ऐसी पहल निश्चित रूप से सकारात्मक संदेश देती है।
वहीं गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान ने जनपद के सभी शिक्षकों को शिक्षक दिवस की बधाई देते हुए कहा कि शिक्षक केवल विद्यार्थियों को शिक्षा देने का कार्य नहीं करते, बल्कि समाज और राष्ट्र के भविष्य के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने वर्तमान दौर में तकनीकी शिक्षा और आधुनिक संसाधनों के बेहतर उपयोग पर जोर देते हुए कहा कि बदलते समय के साथ शिक्षा व्यवस्था को भी तकनीक से जोड़ना जरूरी है।
विधायक ने कहा कि शिक्षकों का सम्मान केवल एक दिन तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि उनके योगदान और भूमिका को समाज में निरंतर सम्मान मिलना चाहिए। शिक्षक समाज की नई पीढ़ी को दिशा देने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं।

ये भी पढ़ें:  मुख्यमंत्री ने किया 10वें विश्व आयुर्वेद कांग्रेस के कर्टेन रेजर एवं प्रोग्राम गाइड का विमोचन


समारोह में जिलाधिकारी प्रशांत आर्य, भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष राजीव बहुगुणा, भटवाड़ी मंडल अध्यक्ष मनोजेंद्र रावत, बरसाली मंडल अध्यक्ष रजनेश चौहान, भागीरथी मंडल अध्यक्ष राजेश राणा, जिला पंचायत सदस्य हीरा लाल, खंड शिक्षा अधिकारी अमोली, डॉ. चंडी प्रसाद भट्ट, मनोज चौहान, सुरेश भंडारी, अतर राणा सहित बड़ी संख्या में शिक्षक एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *