उत्तरकाशी। विकासखंड डुंडा की पट्टी गाजणा के ग्राम उड़री में देर शाम अचानक कुछ मकानों की छतों पर मलबा आने से ग्रामीणों में चिंता का माहौल बन गया। मलबे के कारण कई मकानों की छतों को नुकसान पहुंचा है, जबकि कुछ स्थानों पर छतें धंसने की स्थिति में पहुंच गई हैं।
घटना की सूचना मिलते ही डुंडा के ब्लॉक प्रमुख राजदीप सिंह परमार मौके पर पहुंचे और प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने पीड़ित परिवारों की समस्याएं सुनीं और मौके पर मौजूद नायब तहसीलदार, पटवारी एवं आपदा राहत टीम के साथ प्रभावित मकानों और आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण करवाया।
ब्लॉक प्रमुख राजदीप सिंह परमार ने कहा कि आपदा की इस मुश्किल घड़ी में प्रभावित परिवारों को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि क्षति का नियमानुसार आकलन कराकर आपदा मानकों के तहत मिलने वाली सहायता प्रभावित परिवारों तक पहुंचाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों के साथ समन्वय बनाकर प्रभावित परिवारों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने की बात कही। साथ ही शासन-प्रशासन स्तर से मिलने वाली राहत एवं सहायता का लाभ पात्र परिवारों तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास करने का भरोसा दिया।
घटना के बाद ग्रामीणों ने ब्लॉक प्रमुख के मौके पर पहुंचने और प्रशासनिक टीम को साथ लेकर तत्काल क्षति का निरीक्षण करवाने के लिए उनका आभार व्यक्त किया। ग्रामीणों ने प्रभावित परिवारों को जल्द राहत एवं आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की मांग भी की।

