उत्तरकाशी
रिपोर्ट: महावीर सिंह राणा
पुरोला, उत्तरकाशी। जनपद के दूरस्थ क्षेत्रों तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित “सेवा, सुशासन और समर्पण” स्वास्थ्य सेवा सप्ताह के अंतर्गत शनिवार को उप जिला चिकित्सालय पुरोला में विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों से स्वास्थ्य परामर्श लेने के साथ ही निःशुल्क जांच एवं उपचार सुविधाओं का लाभ उठाया।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. बी. एस. रावत के दिशा-निर्देशन तथा अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आर. सी. आर्य के मार्गदर्शन में आयोजित इस शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक परामर्श एवं उपचार उपलब्ध कराया।
शिविर में वरिष्ठ रेडियोलॉजिस्ट डॉ. आर. सी. आर्य, हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. पंकज सिंह, नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. आस्था रावत, नाक-कान-गला रोग विशेषज्ञ डॉ. सोनम भंडारी सहित अन्य चिकित्सकों ने अपनी सेवाएं दीं।
स्वास्थ्य शिविर में कुल 327 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इस दौरान 31 मरीजों की उच्च रक्तचाप (हाइपरटेंशन), 15 मरीजों की मधुमेह, 24 गर्भवती महिलाओं की एएनसी जांच, 19 महिलाओं की हीमोग्लोबिन जांच, 75 मरीजों के अल्ट्रासाउंड तथा 30 मरीजों के एक्स-रे किए गए। इसके अलावा 21 पात्र व्यक्तियों के दिव्यांग प्रमाण-पत्र भी मौके पर तैयार किए गए।

अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आर. सी. आर्य ने कहा कि स्वास्थ्य सेवा सप्ताह का मुख्य उद्देश्य दूरस्थ एवं ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों तक विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं पहुंचाना है, ताकि प्रत्येक नागरिक को समय पर गुणवत्तापूर्ण एवं निःशुल्क स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने जनपदवासियों से आगामी विशेषज्ञ चिकित्सा शिविरों में भी बढ़-चढ़कर भाग लेने और इन सेवाओं का लाभ उठाने की अपील की।
स्वास्थ्य विभाग की इस पहल को क्षेत्रवासियों ने सराहनीय बताते हुए कहा कि ऐसे शिविर दूरदराज के लोगों के लिए किसी राहत से कम नहीं हैं, जहां उन्हें एक ही स्थान पर विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श और आवश्यक जांच की सुविधा निःशुल्क उपलब्ध हो रही है।

