उत्तरकाशी:
रिपोर्ट महावीर सिंह राणा
डुंडा क्षेत्र के सिंगोटी के पास मंगलवार को एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। उत्तरकाशी की ओर जा रही एक तेज रफ्तार महिंद्रा एसयूवी अचानक अनियंत्रित होकर करीब 30 फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि वाहन पूरी तरह चकनाचूर हो गया, लेकिन चालक की जान बच गई।

घटना की सूचना मिलते ही डूंडा चौकी प्रभारी एसआई प्रकाश राणा पुलिस टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों के सहयोग से बिना समय गंवाए रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। कड़ी मशक्कत के बाद खाई में फंसे चालक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
हादसे का शिकार हुई महिंद्रा एसयूवी (UK 07 FS 6254) को मतली निवासी प्रदीप नौटियाल चला रहे थे। वह मतली से उत्तरकाशी की ओर जा रहे थे, तभी सिंगोटी के पास वाहन से नियंत्रण बिगड़ गया और कार सीधे गहरी खाई में जा गिरी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा बेहद भयावह था और वाहन के परखच्चे उड़ गए। इसके बावजूद चालक का सुरक्षित बच जाना किसी चमत्कार से कम नहीं माना जा रहा है।
फिलहाल चालक खतरे से बाहर है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को कब्जे में लेकर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
बड़ी बात: समय पर पहुंची पुलिस, स्थानीय लोगों का सहयोग और त्वरित रेस्क्यू ऑपरेशन एक संभावित बड़े हादसे को दुखद घटना में बदलने से बचाने में सफल रहा।

