उत्तरकाशी | महावीर सिंह राणा
गंगोत्री विधानसभा क्षेत्र में इन दिनों ध्याणी-मैती मिलन समारोहों की धूम देखने को मिल रही है। इसी क्रम में गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान ने धनारी पट्टी के ग्रामसभा मंजकोट में आयोजित ध्याणी-मैती मिलन कार्यक्रम में प्रतिभाग कर क्षेत्र की ध्याणियों से आत्मीय मुलाकात की।

कार्यक्रम में उपस्थित ध्याणियों ने विधायक सुरेश चौहान को शॉल एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर विधायक ने सभी ध्याणियों का हालचाल जाना तथा उनके साथ संवाद करते हुए मायके और सामाजिक परंपराओं से जुड़े अनुभव साझा किए।
इसके उपरांत विधायक सुरेश चौहान ने ग्रामसभा भवान में ध्याणियों द्वारा आयोजित श्रीमद देवी भागवत महापुराण के धार्मिक अनुष्ठान में सहभागिता की। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ प्रसाद ग्रहण कर भागवत कथा का श्रवण किया। वहीं बरसाली पट्टी के गढ़ गांव स्थित मां रेणुका मंदिर में आयोजित ध्याणी मिलन समारोह में भी पहुंचकर आयोजकों एवं प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं।
विधायक ने कहा कि ध्याणी-मैती मिलन समारोह केवल एक सामाजिक आयोजन नहीं, बल्कि अपनी जड़ों, संस्कृति और पारिवारिक मूल्यों से जुड़े रहने का सशक्त माध्यम हैं। ऐसे आयोजन समाज में आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक एकता को मजबूत करते हैं। उन्होंने सभी ध्याणियों से सुख-दुःख के प्रत्येक अवसर पर एक-दूसरे के साथ खड़े रहने तथा समाज हित में मिल-जुलकर कार्य करने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि ध्याणियों के मन में अपने मायके और गांव के प्रति जो आत्मीयता एवं लगाव होता है, वही हमारी सांस्कृतिक विरासत की सबसे बड़ी ताकत है। यह परंपरा नई पीढ़ी को भी अपनी संस्कृति और सामाजिक मूल्यों से जोड़ने का कार्य कर रही है।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष नागेंद्र चौहान, डुंडा मंडल अध्यक्ष रजनेश चौहान, धनारी मंडल अध्यक्ष प्रेमदत्त भट्ट, भागीरथी मंडल अध्यक्ष राजेश राणा, महामंत्री शंभु प्रसाद भट्ट, वरिष्ठ भाजपा नेता प्रताप राणा, सुरेंद्र पंवार, महादेव रावत, राजेंद्र डंगवाल, अजय कुमाई, मनोज चौहान, अमीन रावत, मोहित रावत, जगपाल रावत, कन्हैया रमोला एवं नितिन पयाल सहित अनेक भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

