उत्तरकाशी के गाजणा क्षेत्र के गोरसाड़ा गांव से एक ऐसी भावुक कर देने वाली खबर सामने आई है, जिसने हर किसी की आंखें नम और दिल को गर्व से भर दिया है। करीब 9 साल तक विदेश में कानूनी मुश्किलों और संघर्षों के बीच फंसे रहे गांव के लाल इंद्रमणि नौटियाल आखिरकार अपने वतन लौट आए हैं। शुक्रवार सुबह उनके नई दिल्ली स्थित इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचने की खबर मिलते ही परिवार और गांव में खुशी की लहर दौड़ गई।
2018 में रोजगार की तलाश में पहुंचे थे सऊदी अरब
जानकारी के अनुसार, गोरसाड़ा गांव निवासी इंद्रमणि नौटियाल वर्ष 2018 में परिवार की आर्थिक स्थिति बेहतर बनाने और रोजगार की तलाश में सऊदी अरब गए थे। वहां वह रियाद की एक निजी कंपनी में ट्रक चालक के रूप में कार्य कर रहे थे। परिवार को उम्मीद थी कि विदेश में मेहनत कर वह अपने परिवार का भविष्य संवारेंगे, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था।
2019 का एक सड़क हादसा बदल गया जिंदगी का पूरा सफर
वर्ष 2019 में ट्रक चलाते समय उनकी एक कार से भीषण टक्कर हो गई। इस हादसे के बाद इंद्रमणि सऊदी अरब की कानूनी प्रक्रिया में उलझ गए। उन्हें जेल की सजा भुगतनी पड़ी और उनकी वतन वापसी का इंतजार लगातार लंबा होता चला गया। देखते ही देखते कई साल गुजर गए, लेकिन परिवार ने उम्मीद का दामन नहीं छोड़ा।
बेटी बनी पिता की रिहाई की सबसे बड़ी ताकत, जुटाए 2.51 करोड़ रुपये

इस पूरी कहानी का सबसे भावुक और प्रेरणादायक पहलू उनकी बेटी का संघर्ष है। पिता को वापस लाने के लिए बेटी ने हार मानने से इनकार कर दिया। कानूनी प्रक्रिया, जुर्माने और अन्य औपचारिकताओं के लिए करीब 2.51 करोड़ रुपये जुटाने की व्यवस्था की गई।
बेटी की अथक कोशिशों, परिवार के धैर्य और सहयोग करने वाले लोगों के प्रयासों से आखिरकार पिता की रिहाई और स्वदेश वापसी का रास्ता खुल सका।
9 साल का इंतजार खत्म, गोरसाड़ा गांव में जश्न का माहौल
शुक्रवार सुबह इंद्रमणि के दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचने की खबर मिलते ही गोरसाड़ा गांव सहित पूरे गाजणा क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। परिजनों के लिए यह पल किसी सपने के सच होने से कम नहीं है। परिवार के लोग उन्हें लेने के लिए दिल्ली रवाना हो गए हैं। जल्द ही इंद्रमणि अपने पैतृक गांव पहुंचकर अपनों से मिलेंगे।
एक बेटी के हौसले ने जीत ली जिंदगी की सबसे बड़ी जंग!
यह सिर्फ एक व्यक्ति की विदेश से घर वापसी की खबर नहीं है, बल्कि एक बेटी के अदम्य साहस, पिता के प्रति अटूट प्रेम और परिवार के वर्षों लंबे इंतजार की भावुक कहानी है।
जिस पिता की राह देखते-देखते परिवार के नौ साल गुजर गए, आज उसी पिता की घर वापसी ने पूरे क्षेत्र को भावुक कर दिया है।
गंगोत्री न्यूज़ एक्सप्रेस परिवार की ओर से इंद्रमणि नौटियाल और उनके परिजनों को सकुशल घर वापसी की हार्दिक शुभकामनाएं।
बेटी के इस संघर्ष और हौसले को दिल से सलाम!
गंगोत्री न्यूज़ एक्सप्रेस | उत्तरकाशी की आवाज़

