उत्तरकाशी। जनपद की स्वास्थ्य सेवाओं को स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए 27 अक्टूबर 2026 को जिले की समस्त चिकित्सा स्वास्थ्य इकाइयों में विशेष अभियान-6 (Special Campaign-6) के तहत वृहद स्वच्छता अभियान संचालित किया जाएगा। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. श्याम विजय ने अभियान को लेकर सभी संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश जारी करते हुए स्पष्ट किया है कि कार्यों के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, उत्तराखंड एवं राज्य स्तर से प्राप्त दिशा-निर्देशों के अनुपालन में यह अभियान 2 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2026 तक संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में 27 अक्टूबर को जिले की सभी स्वास्थ्य इकाइयों में विशेष स्वच्छता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
अस्पतालों के हर हिस्से की होगी सफाई
अभियान के अंतर्गत अस्पतालों की ओपीडी, वार्ड, शौचालय, प्रतीक्षालय और संपूर्ण परिसर की गहन साफ-सफाई की जाएगी। मरीजों एवं उनके तीमारदारों के आवागमन वाले रास्तों को स्वच्छ रखने के साथ अस्पताल परिसर में जमा कबाड़ और अनुपयोगी सामान को भी हटाया जाएगा, ताकि स्वास्थ्य संस्थानों में बेहतर वातावरण सुनिश्चित हो सके।
बायोमेडिकल कचरे के निस्तारण पर विशेष जोर
स्वास्थ्य इकाइयों से निकलने वाले बायोमेडिकल कचरे का नियमानुसार पृथक्करण और सुरक्षित निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा। इसके साथ ही संक्रमण से बचाव के लिए सैनिटाइजेशन, हाथों की स्वच्छता और कचरा प्रबंधन व्यवस्था की सघन जांच की जाएगी।
पुरानी IEC सामग्री हटाकर लगाई जाएगी नई सामग्री
अभियान के दौरान जन-जागरूकता गतिविधियों को भी बढ़ावा दिया जाएगा। आयुष्मान आरोग्य मंदिरों एवं उप-स्वास्थ्य केंद्रों में लगी पुरानी और अनुपयोगी सूचना, शिक्षा एवं संचार (IEC) सामग्री को हटाकर नई एवं एकरूप सामग्री लगाई जाएगी। अभियान की पारदर्शिता और प्रभावी निगरानी के लिए सफाई कार्यों तथा IEC सामग्री में बदलाव से पहले और बाद की जियो-टैग तस्वीरें लेना अनिवार्य किया गया है।
अधिकारियों को स्वयं करनी होगी निगरानी
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. श्याम विजय ने सभी प्रशासनिक एवं चिकित्सा प्रभारियों को अपने अधीनस्थ स्वास्थ्य इकाइयों में अभियान के तहत किए जा रहे कार्यों का स्वयं पर्यवेक्षण करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों से अभियान को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निर्धारित गतिविधियों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने को कहा है।
विशेष अभियान-6 का उद्देश्य स्वास्थ्य संस्थानों में स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करना, संक्रमण के जोखिम को कम करना और मरीजों को स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना है।
उत्तरकाशी में 27 अक्टूबर को चलेगा वृहद स्वच्छता अभियान, CMO डॉ. श्याम विजय ने दिए सख्त निर्देश

