उत्तरकाशी। विकासखंड भटवाड़ी की न्याय पंचायत गंगोरी में एनआरएलएम/ग्रामोत्थान के अंतर्गत गठित मां गंगा क्लस्टर लेवल फेडरेशन (CLF), नेताला की वार्षिक आमसभा शुक्रवार को सफलतापूर्वक संपन्न हुई। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, विभागीय अधिकारियों, परियोजना प्रतिनिधियों तथा स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं ने बड़ी संख्या में प्रतिभाग किया।

कार्यक्रम में गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान, खंड विकास अधिकारी डॉ. अमित ममगाई, मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना से अजय पंवार, रीप परियोजना से जगमोहन नेगी व अर्जुन बागरी, राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के ब्लॉक मिशन प्रबंधक सौरभ व्यास, एरिया कोऑर्डिनेटर आशुतोष बिजलवान, क्लस्टर कोऑर्डिनेटर धनलक्ष्मी रतूड़ी तथा रीप परियोजना से संदीप पंवार सहित अन्य अधिकारी एवं प्रतिनिधि मौजूद रहे।

वार्षिक आमसभा में CLF की वार्षिक प्रगति, वित्तीय विवरण, आजीविका गतिविधियों और आगामी कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान विकासखंड के अन्य CLF के पदाधिकारी, CLF स्टाफ, मां गंगा CLF के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में शेयरधारक उपस्थित रहे।
अतिथियों ने स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं द्वारा संचालित विभिन्न आजीविका गतिविधियों की सराहना की। उन्होंने महिलाओं को स्वरोजगार के माध्यम से अपनी आय बढ़ाने तथा आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया।
960 शेयरधारकों को वितरित हुआ लाभांश
आमसभा के दौरान मां गंगा CLF के सभी 960 शेयरधारकों को प्रति सदस्य ₹321 का लाभांश वितरित किया गया। लाभांश वितरण को CLF की आर्थिक गतिविधियों और शेयरधारकों की भागीदारी के महत्वपूर्ण पहलू के रूप में देखा गया।
कार्यक्रम के समापन पर आयोजकों ने वार्षिक आमसभा को सफल बनाने में सहयोग एवं सहभागिता करने वाले सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, पदाधिकारियों और शेयरधारकों का आभार व्यक्त किया।

