हर्षिल में बाढ़ सुरक्षा कार्यों का एडीएम ने किया निरीक्षण, समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्य के दिए निर्देश

उत्तरकाशी
रिपोर्ट महावीर सिंह राणा
मानसून के दौरान संभावित खतरे को देखते हुए हर्षिल क्षेत्र में चल रहे बाढ़ सुरक्षात्मक कार्यों का अपर जिलाधिकारी मुक्ता मिश्र ने रविवार को स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
अपर जिलाधिकारी ने कहा कि मानसून के चलते भागीरथी नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है, ऐसे में बाढ़ सुरक्षा कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर तेज गति से पूरा किया जाए, ताकि नदी के तेज बहाव से होने वाले भूमि कटाव पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।
उन्होंने विशेष रूप से स्थानीय आबादी एवं क्षेत्र में संचालित होटलों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने पर जोर देते हुए कहा कि केवल समय पर कार्य पूरा करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप होना भी आवश्यक है।
एडीएम ने कार्यदायी संस्था को मौके पर निगरानी व्यवस्था मजबूत करने तथा निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए, जिससे स्थानीय लोगों और पर्यटकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
निरीक्षण के दौरान अधिशासी अभियंता सचिन सिंघल, पुलिस एवं राजस्व विभाग के अधिकारी तथा स्थानीय ग्रामीण भी मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें:  पुरोला में प्रमुख ईशिता ने सुनीं जनसमस्याएं, जिलाधिकारी की मौजूदगी में कई मामलों का मौके पर निस्तारण

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *