उत्तरकाशी
रिपोर्ट महावीर सिंह राणा
जनपद में आगामी 19 अप्रैल से शुरू हो रही चारधाम यात्रा को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने गुरुवार को गंगोत्री धाम का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने यात्रा मार्ग से लेकर धाम परिसर तक चल रहे निर्माण एवं मरम्मत कार्यों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए धाम क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरों से निगरानी सुनिश्चित करने तथा कंट्रोल रूम को 24×7 सक्रिय रखने के निर्देश दिए। साथ ही श्रद्धालुओं को समय पर जानकारी उपलब्ध कराने के लिए पब्लिक एड्रेस सिस्टम के नियमित संचालन पर भी जोर दिया।

जिलाधिकारी ने मंदिर समिति के साथ बैठक कर पूजा-अर्चना एवं आरती के समय निर्धारण की जानकारी ली और श्रद्धालुओं को सुव्यवस्थित ढंग से दर्शन कराने के लिए भीड़ प्रबंधन के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए। इसके अलावा साफ-सफाई, पेयजल, स्वास्थ्य सेवाओं और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने को कहा गया।
उन्होंने कहा कि प्रशासन का मुख्य उद्देश्य श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित यात्रा अनुभव प्रदान करना है, जिसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।
श्रद्धालुओं से अपील — आस्था के साथ पर्यावरण का भी रखें ध्यान
चारधाम यात्रा को लेकर जहां श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल है, वहीं प्रशासन ने सभी यात्रियों से अपील की है कि यात्रा के दौरान स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का विशेष ध्यान रखें। प्लास्टिक का उपयोग न करें और कूड़ा निर्धारित स्थानों पर ही डालें, ताकि देवभूमि की पवित्रता और प्राकृतिक सुंदरता बनी रहे।
चारधाम यात्रा को आस्था का महापर्व मानते हुए इस बार इसे स्वच्छ, सुरक्षित और पर्यावरण के प्रति संवेदनशील बनाने की दिशा में प्रशासन और आमजन दोनों की सहभागिता अहम मानी जा रही है।

