मोरी में दर्दनाक सड़क हादसा: 12 सवारियों से भरा वाहन दुर्घटनाग्रस्त, एक की मौत; 11 घायल

उत्तरकाशी। मोरी तहसील क्षेत्र में सोमवार शाम एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। खन्यासिणि गांव के पास 12 सवारियों से भरा वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में प्रारंभिक जानकारी के अनुसार एक व्यक्ति की मौत हो गई है, जबकि 11 लोग घायल बताए जा रहे हैं।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, राजस्व विभाग और 108 एंबुलेंस की टीमें तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना की गईं। घटनास्थल मोरी तहसील मुख्यालय से करीब 25 किलोमीटर दूर बताया जा रहा है।
मोबाइल नेटवर्क बना बड़ी चुनौती


दुर्गम क्षेत्र में मोबाइल नेटवर्क उपलब्ध नहीं होने के कारण रेस्क्यू टीमों से लगातार संपर्क करने में भारी दिक्कत सामने आई। स्थिति को देखते हुए पुलिस की ओर से सैटेलाइट फोन की व्यवस्था की गई, जिसके जरिए घटनास्थल पर मौजूद टीमों से संपर्क स्थापित किया गया।
सैटेलाइट फोन से मिली प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक वाहन में कुल 10 लोग सवार थे। इनमें एक व्यक्ति की मौत की सूचना है, जबकि 8 से 9 लोग घायल बताए जा रहे हैं।
घायल मोरी अस्पताल पहुंचे
हादसे के बाद सात घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मोरी लाया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है। वहीं घटनास्थल पर पुलिस, एसडीआरएफ और राजस्व विभाग की संयुक्त टीमें आसपास के क्षेत्र में सर्च एवं रेस्क्यू अभियान चला रही हैं।
घटना की गंभीरता को देखते हुए उप जिलाधिकारी पुरोला भी मौके पर तैनात हैं। प्रशासन की टीमें हादसे में घायल अन्य लोगों की स्थिति और दुर्घटना के कारणों की जानकारी जुटाने में लगी हैं।
फिलहाल रेस्क्यू अभियान जारी है और हादसे में हताहतों एवं घायलों की संख्या को लेकर प्रशासन की ओर से विस्तृत जानकारी का इंतजार है।

ये भी पढ़ें:  ब्रेकिंग न्यूज़ उत्तरकाशी नौगांव स्टोन क्रेशर जटा नामें तोक के पास वाहन दुर्घटनाग्रस्त एक व्यक्ति के मौके पर मौत

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *