उत्तरकाशी
रिपोर्टर महावीर सिंह राणा
जनपद में बेटियों को सर्वाइकल कैंसर से सुरक्षित करने के उद्देश्य से ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (एचपीवी) टीकाकरण अभियान
ब्लॉक डुंडा के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में एच पी वी टीकाकरण का शुभारंभ ब्लॉक प्रमुख श्री राजदीप परमार द्वारा किया गया।

जनपद मुख्यालय में शनिवार, 28 फरवरी 2026 को इस अभियान का विधिवत शुभारंभ किया गया था। इसके पश्चात सोमवार से जनपद के सभी विकासखंडों के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में भी यह अभियान प्रारंभ कर दिया गया है, जो आगामी 31 मई 2026 तक संचालित किया जाएगा।
इसी क्रम में आज मुख्य चिकित्सा अधिकारी उत्तरकाशी डॉ. बी. एस. रावत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौगांव में आयोजित कार्यक्रम में उपस्थित रहे और अभियान का शुभारंभ किया।

इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. बी. एस. रावत ने बताया कि ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (एचपीवी) संक्रमण सर्वाइकल कैंसर का प्रमुख कारण है तथा समय पर टीकाकरण से इस गंभीर बीमारी से प्रभावी बचाव संभव है। उन्होंने कहा कि यह अभियान बेटियों के स्वास्थ्य की सुरक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
उन्होंने बताया कि जनपद उत्तरकाशी में इस अभियान के अंतर्गत 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की लगभग 3000 बालिकाओं को एचपीवी वैक्सीन लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। स्वास्थ्य विभाग का प्रयास है कि निर्धारित समयसीमा में अधिकतम पात्र बालिकाओं को टीकाकरण से आच्छादित किया जाए।
स्वास्थ्य विभाग ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपनी पात्र बेटियों को इस महत्वपूर्ण टीकाकरण अभियान से अवश्य लाभान्वित कराएं, जिससे भविष्य में सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाव संभव हो सके।

