उत्तरकाशी
आगामी चारधाम यात्रा को सुगम, सुरक्षित और भव्य बनाने के लिए जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने गुरुवार को संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की। बैठक में जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सभी व्यवस्थाएं चाक-चौबंद रखी जाएं। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों से संबंधित प्रस्ताव तत्काल प्रस्तुत करें और धरातल पर कार्यों को शीघ्रता से दुरुस्त करना शुरू करें। डीएम ने सख्त लहजे में कहा कि स्वास्थ्य, सौंदर्यकरण और सुरक्षा से जुड़े सभी कार्य तय समय सीमा के भीतर पूरे हो जाने चाहिए।

जिलाधिकारी ने यमुनोत्री यात्रा मार्ग के लिए मुख्य घोड़ा पड़ावों पर घोड़ों के लिए गर्म पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने हेतु सोलर गीजर लगाने की व्यवस्था करने को कहा। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे इसके लिए जल्द से जल्द प्रस्ताव बनाकर भेजें। उन्होंने मार्ग पर पेयजल, पर्याप्त शेड और स्वच्छता बनाए रखने पर भी जोर दिया।
बैठक के समापन पर जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य सेवाओं और सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा करते हुए कहा कि यात्रियों के लिए चिकित्सा केंद्रों पर पर्याप्त स्टाफ और दवाइयों की उपलब्धता हर हाल में सुनिश्चित हो।

जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने निर्देशित किया कि निर्धारित समय के भीतर कार्य पूर्ण नहीं पाए गए, तो संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी। प्रशासन का मुख्य उद्देश्य देश-विदेश से आने वाले तीर्थयात्रियों को एक सुखद, सुरक्षित और बेहतर वातावरण प्रदान करना है।
बैठक के दौरान एसडीएम देवानंद शर्मा, ब्रजेश तिवारी, सीओ जनक पंवार, सीएमओ बीएस रावत,सीवीओ एचएस बिष्ट, ईई लोनिवि रजनीश सैनी,ईई जल संस्थान एलसी रमोला,डीटीडीओ केके जोशी, डीडीएमओ शार्दूल गुसाईं सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

