उत्तरकाशी
“चारधाम यात्रा 2026: श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य सुरक्षा हेतु व्यापक तैयारियां पूर्ण
आगामी 19 अप्रैल 2026 से प्रारंभ होने वाली पवित्र चारधाम यात्रा के सफल एवं सुरक्षित संचालन के दृष्टिगत जनपद में स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने हेतु मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. बी. एस. रावत की अध्यक्षता में कार्यालय मुख्य चिकित्सा अधिकारी, उत्तरकाशी में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में चारधाम यात्रा के दौरान देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विस्तृत चर्चा की गई। इस अवसर पर जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. रतनमणी भट्ट, प्रमुख अधीक्षक डॉ. पी. एस. पोखरियाल, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. बी. एस. पांगती, डॉ. शैलेन्द्र बिजल्वाण, फार्मासिस्ट दिनेश भट्ट, जसपाल, राकेश उनियाल सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कार्मिक उपस्थित रहे।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने निर्देश दिए कि यात्रा मार्ग पर स्थापित सभी महत्वपूर्ण चिकित्सा इकाइयों एवं स्क्रीनिंग पॉइंट्स पर आयुर्वेदिक चिकित्सकों एवं स्टाफ की तैनाती सुनिश्चित की जाए, जिससे श्रद्धालुओं को समग्र चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो सके। साथ ही जिला औषधि भंडार के अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि यात्रा प्रारंभ होने से पूर्व सभी चिकित्सा इकाइयों में जीवन रक्षक दवाइयों, ऑक्सीजन सिलेंडर, ऑक्सीजन कंसंट्रेटर एवं आवश्यक उपकरणों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।
डॉ. रावत ने जानकारी दी कि चारधाम यात्रा के दृष्टिगत यात्रा मार्ग पर पड़ने वाली चिकित्सा इकाइयों एवं पैदल यात्रा मार्गों हेतु चिकित्सकों, पैरामेडिकल स्टाफ एवं अन्य कार्मिकों की तैनाती हेतु विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर ली गई है। उन्होंने यह भी बताया कि विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी यमुनोत्री धाम हेतु डॉ. आर. सी. आर्य तथा गंगोत्री धाम हेतु डॉ. बी. एस. पांगती को नोडल अधिकारी नामित किया गया है।
बैठक में प्रमुख अधीक्षक को जिला चिकित्सालय की सभी व्यवस्थाओं को चाक-चौबंद रखने के निर्देश दिए गए, ताकि किसी भी आकस्मिक स्थिति में श्रद्धालुओं को त्वरित एवं सुगम स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जा सकें।
चारधाम यात्रा 2026: श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य सुरक्षा हेतु व्यापक तैयारियां पूर्ण

