बड़कोट (उत्तरकाशी)
रिपोर्टर महावीर सिंह राणा
बड़कोट क्षेत्र के गंगनानी में आयोजित पांच दिवसीय बसंतोत्सव (कुंड की जातर) के चौथे दिन सांस्कृतिक रंग के साथ जनपयोगी मुद्दों पर गंभीर मंथन भी देखने को मिला। मेले में लघु सिंचाई समिति के उपाध्यक्ष एवं राज्य मंत्री जगत सिंह चौहान बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे और आयोजन की सराहना की।

चौथे दिन जिला पंचायत द्वारा मेला सभागार में एक महत्वपूर्ण पत्रकार गोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए पत्रकारों ने भागीदारी की। गोष्ठी का विषय था— “मेले की दिशा व दशा पर मीडिया की भूमिका”।
मूलभूत सुविधाओं और सांस्कृतिक स्वरूप पर जोर
वक्ताओं ने स्पष्ट कहा कि मेला स्थल पर मूलभूत सुविधाओं का विकास कर इसे भव्य और सुव्यवस्थित बनाया जाना चाहिए। साथ ही चिंता जताई गई कि आधुनिकता की अंधी दौड़ में पौराणिक मेले और जातर अपने वास्तविक सांस्कृतिक स्वरूप को खोते जा रहे हैं।
विचार व्यक्त किए गए कि मेलों को आधुनिक सुविधाओं से लैस करना जरूरी है, लेकिन उनकी पौराणिकता और पारंपरिक पहचान अक्षुण्ण रहनी चाहिए। स्थानीय स्तर पर आयोजित इन मेलों में स्थानीय उत्पादों, पारंपरिक पकवानों और वेश-भूषा को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया, ताकि देश-दुनिया यहां की लोक परंपराओं से परिचित हो सके और स्थानीय उत्पादकों को बाजार उपलब्ध हो।

पत्रकार संघ ने दिए रचनात्मक सुझाव
जिला पत्रकार संघ ट्रस्ट की ओर से मेले के स्वरूप को और अधिक प्रभावी बनाने हेतु कई सुझाव प्रस्तुत किए गए। जिला पंचायत के प्रशासनिक अधिकारियों एवं सदस्यों ने इन सुझावों को प्राथमिकता के साथ बोर्ड बैठक में रखने का आश्वासन दिया।बसंतोत्सव के चौथे दिन जहां एक ओर लोक संस्कृति की रंगीन प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र बनी रहीं, वहीं दूसरी ओर मीडिया और जनप्रतिनिधियों के बीच हुआ यह संवाद मेले के भविष्य की दिशा तय करने की ओर एक सार्थक कदम माना जा रहा है।

गोष्ठी में जिला पंचायत सदस्य विजय बंधानी, श्रीमती सरिता वर्धन, प्रशासनिक अधिकारी अरुण चौहान, वीरेंद्र वर्धन, सुरेश राणा सहित जिला पत्रकार संघ के अध्यक्ष सुनील थपलियाल, महामंत्री सुरेंद्र नौटियाल , दिनेश रावत, बलबीर परमार ,विजयपाल रावत, तिलक रमोला , सुभाष रावत , जयप्रकाश बहुगुणा, , द्वारिका सेमवाल, महावीर सिंह राणा, सूर्यप्रकाश, , भगत सिंह, भगवती रतूड़ी,सूर्या नौटियाल , पृथ्वी नैथानी, नितिन चौहान, सचिन नौटियाल,वीरेंद्र चौहान,भगत राणा,आशीष मिश्रा, शंकर गुसांईं,उपेंद्र असवाल, मदन पैन्यूली, अरविन्द थपलियाल, सोबन असवाल, राकेश रतूड़ी, विनोद रावत, संदीप चौहान, नितिन रमोला,संजय हरण,और अनेक वरिष्ठ पत्रकार मौजूद रहे।

